Hardoi : पिहानी में सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, एक गंभीर, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
रजनीश के बड़े भाई अनुज का कहना है कि दुर्घटना के बाद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक निजी वाहन का इंतजाम किया और तीनों घायलों को पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
रिपोर्ट : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र में शाम के समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की असमय मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतकों की पहचान पड़ोसी जिला सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र अंतर्गत महोरनियां गांव निवासी चौबीस वर्षीय रजनीश और बाईस वर्षीय शिवा के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में घायल उनके इक्कीस वर्षीय दोस्त रवि का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। रजनीश दिल्ली की एक कपड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करता था और करीब दो सप्ताह पहले ही अपने घर आया था। घटना के बाद से दोनों मृतकों के घरों में मातम छाया हुआ है।
प्राप्त विवरण के अनुसार रजनीश शाम के वक्त अपनी बाइक से पिहानी के मझिया गांव में रहने वाली अपनी बड़ी बहन रजनी से मिलने के लिए निकला था। सफर में उसके साथ गांव के ही दो दोस्त रवि और शिवा भी बाइक पर सवार थे। जब उनकी बाइक पिहानी-बूढ़ा गांव खटेली मार्ग पर घुरेला गांव के समीप पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान होकर तड़पने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन एंबुलेंस सेवा को घटना की जानकारी दी।
इस पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था और एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने को लेकर परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। रजनीश के बड़े भाई अनुज का कहना है कि दुर्घटना के बाद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक निजी वाहन का इंतजाम किया और तीनों घायलों को पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया, लेकिन वहां भी एंबुलेंस मिलने में करीब पैंतीस मिनट की देरी हुई।
समय पर उचित इलाज और एंबुलेंस न मिलने के कारण रजनीश ने पिहानी अस्पताल में ही दम तोड़ दिया, जबकि शिवा की मौत मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में हो गई। तीसरे घायल रवि की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टर उसकी जान बचाने का प्रयास कर रहे हैं। इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में एंबुलेंस सेवा की इस बड़ी लापरवाही के खिलाफ गहरा आक्रोश है। पिहानी के कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल के आस-पास के मार्गों की जांच कर रही है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?




