Crime News: हरदोई में रिश्तों का खौफनाक अंत! पत्नी पर शक, पति ने चाकू से काटा गला; इलाके में मचा हड़कंप
शहर कोतवाली क्षेत्र के टीलिया मोहल्ले में बुधवार तड़के एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, पति
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के टीलिया मोहल्ले में बुधवार तड़के एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी पति ने कथित तौर पर अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की पहचान नगमा (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पति परवेज के साथ टीलिया मोहल्ले में किराये के मकान में रह रही थी। दोनों मूल रूप से बेटगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नगमा और परवेज के बीच किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के शक को लेकर अक्सर विवाद होता था।
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के नगमा घर के कमरे में तख्त पर सो रही थी। इसी दौरान परवेज ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण नगमा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने अपनी बहन को फोन कर पत्नी पर हमला करने की बात बताई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, नगमा और परवेज की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। दोनों के कोई संतान नहीं थी। बताया गया है कि पारिवारिक विवाद और संपत्ति से जुड़े मामलों के चलते उन्होंने अपना पुराना मकान बेच दिया था और करीब डेढ़ महीने पहले टीलिया में किराये के मकान में रहने लगे थे। परवेज कार चलाने का काम करता था। शहर कोतवाल संजय त्यागी के अनुसार, आरोपी पति पुलिस हिरासत में है। हत्या की वजह, आपसी विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?







