Crime News: हरदोई में आभूषण चोरी का खुलासा: दो शातिर चोर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद
कोतवाली शहर पुलिस ने सराफा दुकानों में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस
हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने सराफा दुकानों में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, नकदी, शटर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को सराय थोक निवासी सुमित गुप्ता की सोने-चांदी की दुकान से आभूषण चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 12 सितंबर को इसी क्षेत्र में हर्ष पांडेय की दुकान का शटर काटकर चांदी, चांदी के सिक्के और नकदी चोरी कर ली गई थी। दोनों मामलों में कोतवाली शहर में मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने दीपांशु उर्फ प्रियांशु, निवासी ऐशबाग, लखनऊ और इजहार हुसैन उर्फ अरबाज हुसैन, निवासी न्यू गणेश मोहल्ला, ऐशबाग, लखनऊ को गिरफ्तार किया।
चोरी के सामान की बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से:
- 06 सफेद धातु की चेन
- 12 बच्चों के कंगन
- 01 जोड़ी पायल
- 140 जोड़ी बिछुआ
- ₹2,100 नकद
- शटर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
बरामद की है। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 3(5)/317(2)/331(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
दिन में रेकी, सुबह शटर तोड़कर चोरी
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ दिन में शहर और कस्बों में सोने-चांदी की दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में घूमते रहते और सुबह के समय मौका देखकर दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के सामान को बेचकर वे अपना खर्च चलाते थे। आरोपियों ने कोतवाली शहर क्षेत्र की दोनों घटनाओं में शामिल होना भी स्वीकार किया है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपांशु उर्फ प्रियांशु के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी और सेंधमारी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इजहार हुसैन उर्फ अरबाज हुसैन के खिलाफ भी एक पुराना मामला दर्ज बताया गया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी, उप निरीक्षक रोहित कुमार पांडेय, वाशु कुमार, ज्ञानेन्द्र सिंह समेत कोतवाली शहर पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?







