हाथरस दाऊजी मेले में भजन संध्या: संतों व समाजसेवियों का हुआ सम्मान

हाथरस के 115वें राजकीय मेला दाऊजी महाराज में जन सहयोग कल्याण समिति ने भजन संध्या व सम्मान समारोह किया। संतों और अतिथियों को सम्मानित किया गया।

By INA News Desk
Sep 27, 2026 - 23:35
5 Views
हाथरस दाऊजी मेले में भजन संध्या: संतों व समाजसेवियों का हुआ सम्मान

हाथरस। जनपद के 115वें ऐतिहासिक राजकीय मेला दाऊजी महाराज परिसर स्थित ब्राह्मण संघ शिविर में जन सहयोग कल्याण समिति के तत्वावधान में भव्य भजन संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शिविर संयोजक दिलीप उपाध्याय और विश्वनाथ उपाध्याय ने भगवान के विग्रह पर फल, पुष्प व माला अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके उपरांत प्रस्तुत किए गए भक्ति भजनों और संकीर्तन से संपूर्ण पंडाल भक्तिमय माहौल में डूब गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वृंदावन धाम से पधारे सुनील शास्त्री उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ब्राह्मण महासभा हाथरस के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, डॉक्टर यूएस गौर, मुकेश दीक्षित और बिट्टो दीक्षित शामिल रहे। समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का दुपट्टा, माला, पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष अतुल शर्मा और प्रदेश सचिव दिवाकर दत्त उपाध्याय ने समारोह में पधारे सभी श्रद्धालुओं और आगंतुकों को पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।

विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने समाज में एकता, सद्भाव और लोक कल्याण की भावना को सुदृढ़ करने पर बल दिया तथा निरंतर ऐसे धार्मिक व जनकल्याणकारी आयोजनों की आवश्यकता जताई। समिति के प्रदेश कोषाध्यक्ष देवदत्त सारस्वत ने सेवा भाव पर जोर देते हुए कहा कि दूसरों के आंसुओं को पोंछकर मानव हित के लिए समर्पित जीवन ही सच्ची वीरता और सार्थकता की पहचान है। कार्यक्रम के अंत में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले लोगों की सराहना की गई। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।

Also Click : Ram Govind Chaudhary Last Rites: 'पूर्वांचल के गांधी' रामगोविंद चौधरी पंचतत्व में विलीन, सरयू तट पर नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow