हाथरस में बारिश से गिरा मकान का लेंटर: बाल-बाल बचे परिजन, मुआवजे की मांग
हाथरस के गांव पट्टी फतेली में लगातार रिमझिम बारिश के बीच मकान की छत गिरी। हादसे में परिवार बाल-बाल बचा, पीड़िता ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
हाथरस। क्षेत्र में लगातार जारी रिमझिम फुहारों और सीलन के चलते गांव पट्टी फतेली के मजरा नगला सेवा में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां लगातार पानी बरसने से जर्जर हो चुकी एक मकान की छत अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार के सदस्य उस कमरे के भीतर मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग बाल-बाल बच गए।
स्थानीय जानकारी के अनुसार नगला सेवा निवासी रेखा देवी पत्नी पवन कुमार का मकान लगातार हो रही बारिश की वजह से कमजोर हो गया था। छत में सीलन आने के कारण उसका एक हिस्सा अचानक तेज आवाज के साथ ढह गया। भरभराकर मलबा गिरने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए परिवार के सदस्यों को सुरक्षित खुले स्थान पर पहुंचाया।
छत के अचानक गिरने से कमरे में रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार को खासा आर्थिक नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद पीड़िता रेखा देवी और परिजनों ने स्थानीय तहसील प्रशासन से नुकसान का स्थलीय सत्यापन कराकर शासन के नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत कराई जा सके।
Also Click : सीतापुर में सरायन नदी का बढ़ा जलस्तर: डीएम पहुंचे केशव ग्रीन सिटी, राहत कार्य तेज
What's Your Reaction?