Hathras : सासनी सीएचसी में 160 से अधिक गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच, कई हाई रिस्क श्रेणी में मिलीं; वितरित की गईं दवाएं व फल
हाथरस के सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 160 से अधिक गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं व पौष्टिक फल वितरित किए गए।
हाथरस: सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत 'हाई रिस्क प्रेग्नेंसी डे' विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र की 160 से अधिक गर्भवती महिलाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाएं और पौष्टिक फल वितरित किए गए। जांच के दौरान कई महिलाएं उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की श्रेणी में चिह्नित की गईं। हालांकि, शिविर में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध न हो पाने के कारण संबंधित महिलाओं को आवश्यक परामर्श दिया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान करना है। जांच में हाई रिस्क श्रेणी में पाई गई महिलाओं को विशेष निगरानी में रखते हुए समुचित उपचार और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इस अवसर पर डॉ. योजना ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने महिलाओं को अपने दैनिक भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, प्रोटीन, कैल्शियम और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को अनिवार्य रूप से शामिल करने का सुझाव दिया, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रह सकें। शिविर के दौरान पोषण संदेश के तहत सभी लाभार्थी महिलाओं को दो केले और एक सेब भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के सफल संचालन में अभिलाषा, ज्योति, आकांक्षा, अमिता, शशि और देव ज्योति सहित स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
What's Your Reaction?

