आईएमए लखनऊ वार्षिक समारोह: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 90 चिकित्सकों को किया सम्मानित, सेवा भाव की सराहना
आईएमए लखनऊ के वार्षिक समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लगभग 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया और समाज निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
लखनऊ। रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आईएमए भवन में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चिकित्सकों के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य, सुरक्षा और जीवन की रक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी संवेदनशीलता, सेवा भावना और विशेषज्ञता ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की असली नींव है। चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित न रहकर मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बीमारियों की समय पर पहचान और ग्रामीण एवं जरूरतमंद आबादी तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में चिकित्सक संगठनों का दायित्व बड़ा है। ज्ञान के आदान-प्रदान और नवीन चिकित्सा पद्धतियों के प्रसार में आईएमए की भूमिका सराहनीय है। कार्यक्रम में लखनऊ उत्तर के विधायक एवं आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन की एकजुटता, सामाजिक सरोकारों और निरंतर सीखने की भावना की सराहना की।

समारोह के दौरान चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक दायित्वों में विशिष्ट योगदान देने वाले लगभग 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इनमें से आठ चिकित्सकों को विभिन्न श्रेणियों में प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किए गए। डॉ. अर्चिका गुप्ता को डॉ. मनोरमा अग्रवाल डायमंड जुबली सिल्वर मेडल, डॉ. नीरज टंडन को कैंसर के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु हुकुम चंद जैन मेमोरियल अवॉर्ड और डॉ. राकेश श्रीवास्तव को प्रबोध कुमार मजूमदार मेमोरियल बेस्ट जनरल मेडिकल प्रैक्टिशनर अवॉर्ड दिया गया।

इसके अतिरिक्त डॉ. संजय श्रीवास्तव को डॉ. एच. एन. शिवपुरी अवॉर्ड, डॉ. सीमा मेहरोत्रा को आउटस्टैंडिंग मेरिटोरियस सर्विस अवॉर्ड, डॉ. शिप्रा नाथ को बेस्ट आईएमए मेंबर ऑफ द ईयर, डॉ. सुधा सिंह को पैथोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर तथा डॉ. वंदना सोलंकी को बेस्ट रिसर्च वर्कर्स ऑफ द ईयर अवॉर्ड से नवाजा गया।

आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने वार्षिक गतिविधियों का ब्योरा रखते हुए सतत चिकित्सा शिक्षा, कैंसर व गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता, सीपीआर प्रशिक्षण, ग्रामीण शिविर और रक्तदान अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने चिकित्सकों के कल्याण के लिए स्थापित जिम्नेजियम और खेलकूद गतिविधियों का भी उल्लेख किया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने सभी अतिथियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। पुरस्कार वितरण के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में चिकित्सकों और उनके परिजनों ने डांडिया और गरबा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
What's Your Reaction?

