अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों और किसानों को तत्काल मिले मुआवजा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश
अतिवृष्टि से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश। फसल, मकान और जनहानि का त्वरित आकलन कर किसानों व पीड़ितों को तत्काल मिले मुआवजा।
गोरखपुर। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश और आंधी-तूफान के कारण हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन व प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिवृष्टि के कारण हुई जनहानि पर प्रभावित परिवारों को तत्काल निर्धारित वित्तीय सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर राहत और बचाव के कार्य संचालित करे। उन्होंने शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि जिन परिवारों के मकान तेज बारिश अथवा आंधी के कारण गिरे हैं और जिनके पालतू पशुओं की हानि हुई है, उनका तत्काल स्थलीय सत्यापन कराया जाए। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से सहायता राशि के चेक और राहत सामग्री का वितरण समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
किसानों के नुकसान पर विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेतों में तैयार फसलों की बर्बादी अन्नदाता के लिए बड़ा आघात है। उन्होंने निर्देशित किया कि जिला प्रशासन, राजस्व अमला, कृषि विभाग और फसल बीमा कंपनियां संयुक्त रूप से तुरंत खेतों में उतरें और नष्ट हुई फसलों का त्वरित व सटीक आकलन करें। सर्वे का कार्य पूरा होते ही बीमा दावों और शासकीय सहायता का भुगतान यथाशीघ्र किसानों के खातों में सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि पीड़ित और जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने में कतई हीलाहवाली न हो और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर पूरी मदद मिले।
What's Your Reaction?