Hardoi News: दीपावली पर वृद्धाश्रम पहुंचा इनर व्हील क्लब, वृद्धजनों को बांटे कंबल और मिठाइयां
नैमिषारण्य के संस्कार वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ साझा कीं त्योहार की खुशियां, सेवा और सम्मान का दिया संदेश
नैमिषारण्य। दीपावली के पावन पर्व पर इनर व्हील क्लब ऑफ हरदोई D.O.D. ने सेवा और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की। क्लब की प्रेसिडेंट श्रीमती सोनिया मिश्रा के नेतृत्व में नैमिषारण्य स्थित संस्कार वृद्धाश्रम में सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वृद्धजनों को आवश्यक सामग्री वितरित करने के साथ ही उनके लिए स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत आश्रम में निवासरत वृद्धजनों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। वहीं, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आश्रम परिसर में RO वाटर प्यूरिफायर स्थापित कराया गया। इसके अलावा दीपावली की खुशियां साझा करते हुए वृद्धजनों को भोजन के पैकेट, फल एवं मिठाइयां भी वितरित की गईं।

इस सेवा परियोजना को सफल बनाने में क्लब की वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्य निर्मा जी का विशेष सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में क्लब की CGR सुप्रिया सेठ, ZPC एवं एडिटर राखी द्विवेदी, अंजू पांडेय, रागिनी तिवारी, ट्रेजरर सोहिनी दीक्षित एवं अनीता मिश्रा मौजूद रहीं। सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सामाजिक सेवा एवं मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रेसिडेंट सोनिया मिश्रा ने कहा कि इनर व्हील क्लब समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सहयोग और आत्मीयता प्रदान करना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं के प्रति प्रतिबद्धता ही इनर व्हील क्लब की मूल भावना एवं पहचान है।
What's Your Reaction?

