Hardoi: कुबेर लाल जन सेवा संस्थान ने वृद्धाश्रम को दिए दो कूलर, स्नानघर-शौचालय निर्माण हेतु ₹25 हजार की सहायता
नैमिषारण्य स्थित गोद लिए वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सुविधा के लिए बढ़ाया सहयोग, समाज से सेवा कार्यों में जुड़ने की अपील
हरदोई। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय कुबेर लाल जन सेवा संस्थान ने अपने गोद लिए हुए नैमिषारण्य (कल्ली चौराहा के निकट) स्थित वृद्धावस्था आश्रम के बुजुर्गों की सुविधा के लिए दो बड़े कूलर एवं स्नानघर-शौचालय निर्माण हेतु 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
संस्थान की ओर से निरमा देवी एवं आभास कुमार ने वृद्धाश्रम पहुंचकर दो बड़े कूलर भेंट किए। साथ ही ज्योति स्वास्थ्य सेवा संस्थान के नाम भारतीय स्टेट बैंक, हरदोई शाखा का 25 हजार रुपये का चेक स्नानघर एवं शौचालय निर्माण के लिए सौंपा गया। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बुजुर्गों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कूलर उपलब्ध कराए गए। संस्थान इससे पहले भी वृद्धाश्रम को गोद लेकर वहां रह रहे बुजुर्गों की देखभाल एवं उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने का संकल्प ले चुका है।
इस अवसर पर संस्थान की संस्थापिका निरमा देवी ने कहा कि उनका उद्देश्य आश्रम में रह रहे वृद्ध माता-पिता को घर जैसा वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य करता रहेगा तथा समाज के लोगों से भी इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने की अपील की। वहीं आभास कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वृद्धजनों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान और सेवा करना भारतीय संस्कृति की पहचान है। कार्यक्रम में संस्थान के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। वृद्धाश्रम के पदाधिकारियों ने कुबेर लाल जन सेवा संस्थान द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
What's Your Reaction?




