लखनऊ में गोमती के उफान पर प्रशासनिक एक्शन, नाव से बाढ़ प्रभावित बस्तियों में पहुंचे डीएम, राहत किट वितरण तेज

लखनऊ में गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन का व्यापक राहत अभियान। डीएम और संयुक्त पुलिस आयुक्त ने नाव से लिया फैजुल्लागंज का जायजा, बंटीं राहत किट।

By INA News Desk
Oct 5, 2026 - 22:53
39 Views
लखनऊ में गोमती के उफान पर प्रशासनिक एक्शन, नाव से बाढ़ प्रभावित बस्तियों में पहुंचे डीएम, राहत किट वितरण तेज
Advertisement
Advertisement
  • सीएम योगी के निर्देश पर लखनऊ के बाढ़ प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर राहत अभियान, डीएम ने संभाली कमान
  • गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश
  • 10 नावें लगाने के साथ घर-घर पहुंचाई जा रही राहत किट, भोजन और जरूरी दवाएं
  • फैजुल्लागंज में नाव से डीएम-ज्वाइंट सीपी ने लिया जायजा, दाऊद नगर में अतिरिक्त कंट्रोल रूम के निर्देश

लखनऊ। गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद लखनऊ में जिला प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

रविवार को जिलाधिकारी विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने बरावन कला, सैथा, जेहटा, माल रोड और फैजुल्लागंज समेत प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय और नाव से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षित शिफ्टिंग पर जोर

ग्राम सैथा में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक ले जाने के लिए तत्काल 10 नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। राहत शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली गई और जरूरतमंदों को पर्याप्त दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

घर-घर पहुंच रही राहत किट, भोजन और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था

जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर ने बताया कि सुबह से ही प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें सक्रिय हैं। नावों के माध्यम से घर-घर राहत किट पहुंचाई जा रही है।

प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही पशुओं के लिए पर्याप्त भूसा एवं चारे की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं की पर्याप्त किट तैयार कर प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने को कहा गया है।

रात में भी निगरानी, दाऊद नगर में बनेगा अतिरिक्त कंट्रोल रूम

फैजुल्लागंज में जिलाधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने नाव से प्रभावित बस्तियों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से संवाद कर राहत व्यवस्था की जानकारी ली। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रभावित इलाकों में रात्रिकालीन पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। दाऊद नगर में अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा गया है, ताकि नागरिकों की शिकायतों और जरूरतों पर तत्काल कार्रवाई हो सके। अधिकारियों को गोमती के जलस्तर और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखने तथा मौके पर मौजूद रहकर राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement