Mussoorie : मसूरी मॉल रोड पर अतिक्रमण हटाने गई नगर पालिका टीम से अभद्रता, कर्मचारियों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
नगर पालिका कर्मचारी संघ के महामंत्री चंद्रप्रकाश बडोनी और संजीव कवि ने बताया कि आरोपी संजय टम्टा ने पहले भी एक पालिका कर्मी को फोन पर धमकी दी थी, जिसका ऑडियो सबूत के तौर पर मौजूद है। उन्होंने साफ किया कि शहर की व्यवस्था सुधारने में जुटे कर्मचारियों के साथ ड्यूटी के दौरान ऐसी बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मसूरी के मॉल रोड पर अवैध रूप से पटरी लगाने वालों के खिलाफ चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान भारी हंगामा हो गया। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, देर रात की गई इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ महिलाओं और संजय टम्टा नाम के व्यक्ति ने सरकारी टीम को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इन लोगों ने अधिशासी अधिकारी और पालिका कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया तथा जब्त सामान लेकर जा रही गाड़ी का रास्ता भी रोक दिया।
इस घटना से गुस्साए नगर पालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मसूरी कोतवाली पहुंचे। कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी।
अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में सरकारी काम में रुकावट डालने, धमकी देने और गाली-गलौज करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के महामंत्री चंद्रप्रकाश बडोनी और संजीव कवि ने बताया कि आरोपी संजय टम्टा ने पहले भी एक पालिका कर्मी को फोन पर धमकी दी थी, जिसका ऑडियो सबूत के तौर पर मौजूद है। उन्होंने साफ किया कि शहर की व्यवस्था सुधारने में जुटे कर्मचारियों के साथ ड्यूटी के दौरान ऐसी बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो सभी कर्मचारी काम बंद कर आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि मामले की शिकायत मिल चुकी है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या सरकारी काम में बाधा डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
What's Your Reaction?