Bajpur : बाजपुर में खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
आरोप है कि गौतम ने पाटल और अभिषेक ने चाकू से जानलेवा हमला किया, जिससे सुंदरलाल के दाहिने हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन
ऊधमसिंह नगर जनपद के बाजपुर अंतर्गत ग्राम नरखेड़ में खेत की मेड़ काटने और भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
पहले पक्ष के ग्राम बद्रीपुर निवासी आनंद देव, गौतम, आंचल, आशा और अभिषेक ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गेंदालाल, सुंदरलाल, जितेंद्र, महेंद्र, धर्मेंद्र, बिजेंदर और रवि ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से उन पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें उनके पक्ष के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के ग्राम नरखेड़ निवासी गेंदालाल का कहना है कि सुबह उनका पुत्र सुंदरलाल अपने धान के खेत में पानी लगा रहा था।
इसी दौरान बद्रीपुर निवासी विपक्षी आनंद देव, आशा देवी, अमरेंद्र गौतम, अभिषेक और आंचल एकजुट होकर वहां पहुंचे और उनके खेत की मेड़ काट दी। जब सुंदरलाल ने इसका विरोध किया, तो विपक्षियों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि गौतम ने पाटल और अभिषेक ने चाकू से जानलेवा हमला किया, जिससे सुंदरलाल के दाहिने हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?




