मुजफ्फरनगर में युवा नीति संवाद- चरथावल में अभ्युदय योजना और युवा आयोग पर युवाओं ने रखी अपनी राय
मुजफ्फरनगर के चरथावल में आयोजित युवा नीति संवाद में अभ्युदय योजना और युवा आयोग पर चर्चा हुई। ग्रामीण युवाओं ने खेल मैदान व रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए।
मुजफ्फरनगर। चरथावल स्थित नालंदा पब्लिक स्कूल में आयोजित 'युवा नीति संवाद' कार्यक्रम में युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, खेल सुविधाएं और कौशल विकास जैसे ज्वलंत विषयों पर अपनी बात रखी। इस संवाद सत्र में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और प्रदेश में प्रस्तावित राज्य युवा आयोग के स्वरूप को लेकर गहन मंथन हुआ। वक्ताओं ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी क्षमताओं को सही दिशा देने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी विचित्र त्यागी ने कहा कि युवा किसी भी समाज में बदलाव की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उन्हें केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर स्वरोजगार और नए उद्यम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे दूसरों को भी काम के अवसर दे सकें।
समाजसेवी रवि बालियान ने खेलों के क्षेत्र में मिल रहे प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए कहा कि बुनियादी सुविधाएं मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। वहीं अधिवक्ता गोपालचंद शर्मा ने प्रस्तावित युवा आयोग की उपयोगिता स्पष्ट करते हुए कहा कि यह मंच युवाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों और आधुनिक तकनीक का उपयोग अपने करियर संवारने में करने की सलाह दी।
समाजसेवी विपुल त्यागी ने कहा कि सुरक्षित माहौल और बेहतर कानून व्यवस्था से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है, जिससे वे बिना किसी भय के अपनी शिक्षा और व्यवसाय पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।
'होप' संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण प्रतिभाओं की वास्तविक जरूरतों और सुझावों को शासन तक पहुंचाने के लिए ऐसे लगभग 15 से 20 विशेष संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। दसवीं कक्षा के छात्र आरव त्यागी ने युवाओं के लिए एक मजबूत प्रशासनिक तंत्र के रूप में युवा आयोग के गठन का समर्थन किया। वहीं छात्र देव धारीवाल ने ग्रामीण इलाकों में खेल मैदानों की कमी का मुद्दा उठाते हुए गांवों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने की मांग प्रमुखता से रखी।
What's Your Reaction?

