Lucknow: विकास और औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाईयों को छू रहा नए भारत का नया उत्तर प्रदेश- नन्दी

उत्तर प्रदेश निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो द्वारा मंगलवार को होटल क्लार्क अवध में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य निर्यात पुरस्कार 2025-26 में उत्तर

Mar 11, 2026 - 12:44
 0  5
Lucknow: विकास और औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाईयों को छू रहा नए भारत का नया उत्तर प्रदेश- नन्दी
विकास और औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाईयों को छू रहा नए भारत का नया उत्तर प्रदेश- नन्दी
  • उत्तर प्रदेश की परम्परा, कौशल और मेहनत की पहचान है लगातार बढ़ रहा निर्यातः नन्दी
  • उपलब्धियों और आत्मविश्वास के साथ ही देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण इंजन बन चुका है उत्तर प्रदेशः नन्दी
  • मंत्री नन्दी ने राज्य निर्यात पुरस्कार 2025-26 से निर्यातकों को किया सम्मानित

उत्तर प्रदेश निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो द्वारा मंगलवार को होटल क्लार्क अवध में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य निर्यात पुरस्कार 2025-26 में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की संकल्पना को मजबूती प्रदान करते हुए पिछले आठ वर्षों में निर्यात क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने वाले निर्यातकों को सम्मानित किया।

समारोह को सम्बोधित करते हुए औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि आज नए भारत का नया उत्तर प्रदेश विकास और औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। उत्तर प्रदेश के उत्पाद आज दुनिया के अनेक देशों में अपनी पहचान बना रहे हैं। भदोही के कालीन अमेरिका और यूरोप तक निर्यात हो रहे हैं। मुरादाबाद का पीतल उद्योग पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। कन्नौज का इत्र भारत की पारम्परिक पहचान को वैश्विक बाजार तक महका रहा है। वाराणसी की बनारसी साड़ियां भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ा रही है। यह केवल व्यापार नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की परम्परा, कौशल और मेहनत की पहचान है।

मंत्री नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ है। प्रदेश सरकार की नई निर्यात नीति 2025-30 और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे आयोजन निर्यातकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहे हैं और हमारे प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक मंच प्रदान कर रहे है। आज उत्तर प्रदेश केवल सम्भावनाओं का प्रदेश नहीं रहा, बल्कि यह उपलब्धियों और आत्मविश्वास के साथ ही देश की आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण इंजन बन चुका है।

उत्तर प्रदेश का निर्यात वित्तीय वर्ष 2017-18 में 88.00 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 1.86 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश चुनौतीपूर्ण वैश्विक व्यापार परिवेश में भारत का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है।

मंत्री नन्दी द्वारा अंतरराष्ट्रीय व्यापार में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, प्रोत्साहित करने और मान्यता देने के लिए विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निर्यातकों को राज्य निर्यात पुरस्कार प्रदान किया गया। जिसमें वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 19 श्रेणियों में कुल 31 निर्यातकों और वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 14 श्रेणियों में 23 निर्यातकों को सम्मानित किया गया। जिसमें गाजियाबाद की निर्यातक इकाई मे० अल नासिर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए सभी श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार दिया गया तथा अलीगढ़ की निर्यातक इकाई मे० अल अम्मार फ्रोजन फूड एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पुरस्कार दिया गया।

इस अवसर पर प्रांजल यादव सचिव एमएसएमई, डॉ. अजय सहाय महानिदेशक फियो, डॉ. अभय सिन्हा महानिदेशक एस.ई.पी.सी., राकेश कुमार महानिदेशक ई.पी.सी.एच., पवन अग्रवाल अपर आयुक्त निर्यात के साथ ही विभिन्न जनपदों से आए निर्यातक मौजूद रहे।

मंत्री नन्दी ने कहा कि राज्य सरकार, राज्य के निर्यातकों और उद्योगपतियों की हर समस्या के समाधान के लिए सभी आवश्यक योजनाओं को लागू करने और सुविधाएं प्रदान करने के लिए दृढ़ संकल्पित है, ताकि राज्य के निर्यात की वैश्विक भागीदारी और विशिष्ट पहचान स्थापित हो सके। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जापान और सिंगापुर की सफल यात्रा रही, जिसमें 1.5 लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जबकि 2.5 लाख रुपये के निवेश प्रस्तावों पर भी हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर आलोक कुमार अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास, के. विजयेंद्र पांडियन आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, पवन अग्रवाल अपर आयुक्त, डॉ अभय सिन्हा, डायरेक्टर जरनल सर्विस एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, राकेश सूरज रीजनल डायरेक्टर इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, राकेश कुमार, डायरेक्टर जरनल ई.पी.सी.एच., आर.के. सोनी संयुक्त महानिदेशक डी.जी.एफ.टी., डॉ अजय सहाय सी.ई.ओ फियो आदि मौजूद रहे।

Also Read- आधी रात तेहरान में भयंकर हवाई हमले: 20 से अधिक स्थानों पर विस्फोट, ट्रंप बोले- 'बहुत जल्द खत्म होगा युद्ध', लेकिन....

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।