देवबंद में ओमान का प्रतिनिधिमंडल: दारुल उलूम मोहतमिम और मां बाला सुंदरी देवी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष से की मुलाकात, भाईचारे का संदेश

ओमान के प्रतिनिधिमंडल ने देवबंद का दौरा कर दारुल उलूम के मोहतमिम और मां बाला सुंदरी देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष से मुलाकात की। खेलों को बढ़ावा देने पर चर्चा।

Jul 3, 2026 - 22:15
 0  3
देवबंद में ओमान का प्रतिनिधिमंडल: दारुल उलूम मोहतमिम और मां बाला सुंदरी देवी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष से की मुलाकात, भाईचारे का संदेश
ओमान का प्रतिनिधिमंडल

सहारनपुर जिले के ऐतिहासिक कस्बे देवबंद में ओमान का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा, जिसने यहां के प्रमुख हिंदू और मुस्लिम धर्मगुरुओं व सामाजिक संस्थाओं से मुलाकात कर आपसी सौहार्द और खेलों को बढ़ावा देने पर चर्चा की। इस डेलिगेशन में ओमान डेफ क्रिकेट फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद शोएब और सचिव सुलेमान अल हादी मुख्य रूप से शामिल रहे। उनके साथ खेल मंत्रालय में उत्तर प्रदेश के चेयरमैन चौधरी सुशील कुमार भी मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की, जहां विदेशी मेहमानों का पारंपरिक तरीके से जोरदार स्वागत किया गया।

इस मुलाकात के बाद मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा की अगुवाई में पूरा प्रतिनिधिमंडल इस्लामी शिक्षा के विश्व प्रसिद्ध केंद्र दारुल उलूम पहुंचा। वहां उन्होंने संस्था के ऐतिहासिक परिसर का भ्रमण किया और उसकी कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दारुल उलूम के मेहमानखाने में संस्था के मुख्य प्रबंधक यानी मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी से खास मुलाकात की। इस बैठक में भारत और ओमान के बीच सांस्कृतिक संबंधों के साथ-साथ युवाओं के विकास और सामाजिक एकता को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई।

धार्मिक और सामाजिक केंद्रों का दौरा करने के बाद ओमान का यह दल देवबंद के प्रतिष्ठित इस्लामिया डिग्री कॉलेज भी पहुंचा। कॉलेज परिसर में संस्था के चेयरमैन अजीम-उल-हक और समस्त शैक्षणिक स्टाफ ने मेहमानों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। इस दौरान आयोजित एक परिचर्चा में ओमान से आए प्रतिनिधियों ने युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में खेलों की भूमिका पर अपने महत्वपूर्ण विचार रखे। कॉलेज के चेयरमैन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि भविष्य में युवाओं को खेल के अंतरराष्ट्रीय अवसर प्रदान करने के लिए वे ऑल इंडिया ग्रामीण क्रिकेट लीग के साथ मिलकर साझा प्रयास करेंगे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान मौलाना मुकीमुद्दीन, रजत शर्मा, धनंजय, राजकुमार, राजबीर सिंह, अभय प्रताप और रविंद्र सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Also Click : मेजा तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले मंत्री नंदी, सौंपा 15 लाख का चेक और जमीन के पट्टे

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow