काशी में पीएम मोदी का भव्य स्वागत: कार से बाहर आकर स्वीकारा अभिवादन, 12 स्थानों पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशीवासियों ने डमरू वादन, शंखनाद और पुष्पवर्षा के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया।
वाराणसी। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के गवाह बनने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी की पावन धरा पर अभूतपूर्व और आत्मीय स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। इस दौरान काशीवासियों ने अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री का स्वागत अपनी चिर-परिचित सांस्कृतिक और पारंपरिक शैली में किया।

पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से नमो घाट तक लगभग आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर चारों ओर उत्सव और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। सड़क के दोनों किनारों पर खड़े हजारों नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्ग पर पुष्पवर्षा कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

काशीवासियों का यह अगाध स्नेह और उत्साह देखकर प्रधानमंत्री स्वयं को रोक नहीं सके और चलती कार से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए सभी का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री को अपने बीच इतना करीब पाकर उपस्थित जनसमूह का जोश चरम पर पहुंच गया।

इस स्वागत यात्रा के लिए पूरे रास्ते को आकर्षक रूप से सजाया गया था। मार्ग में 12 प्रमुख स्थानों पर सांस्कृतिक मंच तैयार किए गए थे, जहां लोक कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कहीं डमरू दलों की गूंज और शंखनाद से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा, तो कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक नृत्यों की छटा बिखरी। पूरे मार्ग में 'हर-हर महादेव', 'जय श्रीराम' और नारों की गूंज सुनाई देती रही।

काफिला जैसे-जैसे नमो घाट की ओर अग्रसर हुआ, मार्ग के दोनों ओर लोग अपने मोबाइल कैमरों में इस पल को कैद करने के लिए आतुर दिखे। वायु सेना के शौर्य प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री के आगमन से काशी की गलियां और प्रमुख मार्ग जन-भागीदारी, परंपरा और राष्ट्रभक्ति के जीवंत रंग में सराबोर नजर आए।
What's Your Reaction?

