Sambhal: मंदिर-मस्जिद नहीं, शिक्षा और विकास की राजनीति हो- भीकम सिंह भारती
मौहल्ला चौधरी सराय में आयोजित मीडिया वार्ता के दौरान राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भीकम सिंह भारती
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: मौहल्ला चौधरी सराय में आयोजित मीडिया वार्ता के दौरान राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भीकम सिंह भारती ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर अपनी राय रखते हुए शिक्षा, विकास और संवैधानिक व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए सरकार को बधाई दी और इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा निर्णय बताया।
भारती ने कहा कि देश में मंदिर-मस्जिद के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय शिक्षा और विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि देश को विकसित बनाना है तो शिक्षा का स्तर मजबूत करना होगा, क्योंकि शिक्षित युवा ही राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सरकार से ऐसी राजनीति से बचने की अपील की जिससे किसी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को लेकर पूछे गए सवाल पर भीकम सिंह भारती ने कहा कि सरकार को विकास और जनहित के मुद्दों पर अधिक काम करना चाहिए। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कानून के तहत दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन किसी आरोपी के मकान को गिराकर परिवार को सड़क पर लाना उचित नहीं है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा बुलडोजर कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया के तहत बताया जाने के सवाल पर भारती ने कहा कि देश को संविधान के अनुरूप चलाया जाना चाहिए और सभी संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से कार्य करना चाहिए। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और जातिगत टिप्पणियों पर भी चिंता जताते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की। वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि संविधान सर्वोपरि है और देश का संचालन उसी के अनुरूप होना चाहिए।
Also Read- Lucknow: देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है यह कीर्तिमान: मुख्यमंत्री
What's Your Reaction?




