Prayagraj : प्रयागराज में 'शब्द-ब्रह्म' संगोष्ठी- माघ मेला बना लोक आस्था, साहित्य और दर्शन का संवाद केंद्र
मुख्य वक्ता पर्यावरण चिंतक और भोजपुरी पत्रिका के संपादक अजीत कुमार ने 'साहित्यिक संचेतना का तीर्थ है माघ मेला' विषय पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज को साहित्यिक
प्रयागराज के गंगा-यमुना संगम तट की वैचारिक गरिमा साहित्य और संस्कृति के उत्सव में फिर से जीवंत हो उठी। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित 'शब्द-ब्रह्म' साहित्य एवं संस्कृति संगोष्ठी के चौथे दिन का शुभारंभ केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा और अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्य वक्ता पर्यावरण चिंतक और भोजपुरी पत्रिका के संपादक अजीत कुमार ने 'साहित्यिक संचेतना का तीर्थ है माघ मेला' विषय पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज को साहित्यिक संचेतना का तीर्थ कहना अतिशयोक्ति नहीं है। यह संपूर्ण विश्व की साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। प्रयाग को साहित्यिक संचेतना का अक्षयवट बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां गंगा-यमुना के मिलन की तरह युगों का विचार-प्रवाह एकत्र होता है। संगम पर स्नान से काया निर्मल होती है, वैसे ही प्रयागराज की साहित्यिक गोष्ठियों से प्रज्ञा का संस्कार होता है। उन्होंने प्रयागराज को हिंदी साहित्य की सांस्कृतिक राजधानी बताया और इसके ऐतिहासिक तथा संस्थागत योगदान को अविस्मरणीय कहा।
इसके बाद साहित्यकार डॉ. सरोज सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि माघ मेले का साहित्यिक महत्व उसके पौराणिक संदर्भों, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक ग्रंथों में स्पष्ट दिखता है। उन्होंने कहा कि शब्द-ब्रह्म जैसे कार्यक्रम माघ मेले को लोक आस्था, साहित्य और जीवन दर्शन के संवाद का केंद्र बनाते हैं। प्रयाग से ही उस परंपरा का प्रमाण मिलता है जहां दर्शन, स्नान और देह-त्याग के माध्यम से मोक्ष की संकल्पना विकसित हुई।
ब्रह्मनाद कला प्रतियोगिता के अंतर्गत वादन विधा में 20 प्रतिभागियों ने सितार, बांसुरी, ऑक्टोपैड और तबला पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रयागराज, बनारस, बांदा और रायबरेली से आए प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर प्रभाकर त्रिपाठी, श्लेष गौतम, शैलेन्द्र मधुर सहित केंद्र के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सलाहकार कल्पना सहाय ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
Also Click : Hardoi : हरदोई में 25 हजार इनामी अभियुक्त गिरफ्तार, गिरोहबंद अपराध के मामले में कार्रवाई
What's Your Reaction?











