Hardoi: जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, डीसीएचबी कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश

जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत गुरुवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट हरदोई में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका

Jul 23, 2026 - 18:36
19 Views
Hardoi: जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, डीसीएचबी कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश
जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, डीसीएचबी कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश

हरदोई। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत गुरुवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट हरदोई में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिपाली भार्गव ने की, जबकि प्रशिक्षण उपनिदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ दिव्या जैन ने प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए दिपाली भार्गव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझें तथा कार्य को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें।

प्रशिक्षण के दौरान दिव्या जैन ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका के सभी प्रारूपों को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक नगर के लिए नगर निर्देशिका तथा प्रत्येक राजस्व ग्राम के लिए ग्राम निर्देशिका तैयार की जाएगी। इसके लिए नगर निकाय कर्मियों एवं राजस्व लेखपालों द्वारा आवश्यक आंकड़े एकत्र कर मोबाइल ऐप के माध्यम से अपलोड किए जाएंगे, जिनका सत्यापन संबंधित चार्ज अधिकारी (अधिशासी अधिकारी एवं तहसीलदार) द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका में जिले की जनसंख्या, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, संचार, परिवहन, बैंकिंग, विद्युत, कृषि तथा अन्य महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विस्तृत आंकड़ों का समावेश किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रथम चरण के कार्य पूर्ण होने के बाद भेजी जाने वाली सामग्री के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। साथ ही चार्ज अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया गया। अंतिम सत्र में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं संभावित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला जनगणना प्रभारी विनय कुमार वर्मा ने भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी उपजिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, सभी तहसीलदार, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, प्रत्येक तहसील से नामित नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक, नगर निकायों के नामित कार्मिक, जनगणना लिपिक तथा तकनीकी सहायकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow