Sambhal: ईद पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की तैयारी, अनुमति न मिलने पर खुद खर्च उठाएंगे।
सम्भल के मौहल्ला लाडम सराय में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष फिरोज खान ने ईद-उल-फितर के मौके पर नमाजियों पर हेलीकॉप्टर से
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल के मौहल्ला लाडम सराय में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष फिरोज खान ने ईद-उल-फितर के मौके पर नमाजियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने की मांग को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
फिरोज खान ने बताया कि उन्होंने डीआईजी, डीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र देकर इस आयोजन की अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा कि बहजोई रोड पर हेलीपैड के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर लिया गया है, जहां न तो हाईटेंशन लाइन है और न ही कोई अन्य बाधा। उन्होंने आगे बताया कि हेलीपैड निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। ईंट और मजदूर मौके पर पहुंच चुके हैं और उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में हेलीपैड पूरी तरह तैयार हो जाएगा। साथ ही, हेलीकॉप्टर के लिए विभिन्न एजेंसियों से बातचीत भी जारी है ताकि उचित दर पर व्यवस्था की जा सके। फिरोज खान ने कहा कि अगर प्रशासन या सरकार इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं देती है, तो वे अपने निजी खर्च पर ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि कांवड़ यात्रा समेत अन्य आयोजनों में सरकार द्वारा पुष्प वर्षा कराई जा चुकी है, ऐसे में ईद के मौके पर भी यह संभव होना चाहिए। हालांकि, अब तक प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर उड़ान और पुष्प वर्षा को लेकर कोई अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में इस आयोजन को लेकर अंतिम फैसला प्रशासनिक अनुमति पर ही निर्भर करेगा।
What's Your Reaction?









