Hardoi: 2027 चुनाव की तैयारी तेज: हरदोई की आठों विधानसभाओं में भाजपा के बूथ सम्मेलन संपन्न

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को

Jul 23, 2026 - 19:04
17 Views
Hardoi: 2027 चुनाव की तैयारी तेज: हरदोई की आठों विधानसभाओं में भाजपा के बूथ सम्मेलन संपन्न
2027 चुनाव की तैयारी तेज: हरदोई की आठों विधानसभाओं में भाजपा के बूथ सम्मेलन संपन्न

हरदोई। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जनपद हरदोई की सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ सम्मेलनों का आयोजन किया गया, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया।

नगर के ऐतिहासिक गांधी भवन में आयोजित 156-हरदोई विधानसभा बूथ सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों, बूथ प्रभारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं।

राहुल वाल्मीकि ने कहा कि "बूथ अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी की सबसे मजबूत नींव हैं। उत्तर प्रदेश में लगातार दो बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में बूथ अध्यक्षों और समर्पित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भाजपा का बूथ अध्यक्ष केवल एक पद नहीं, बल्कि वह योद्धा है जो जनता के बीच विपक्ष के भ्रमजाल को धरातल पर ध्वस्त करता है।"

उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इन्हें घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास न नीति है और न ही नीयत, इसलिए वह केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।

जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए बूथ समितियों को सक्रिय बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हरदोई का प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासन और पूरी ऊर्जा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुका है। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने नगर विधानसभा में कमल खिलाने का संकल्प भी लिया।

वहीं सांडी विधानसभा बूथ सम्मेलन जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि एवं पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई ने बूथ अध्यक्षों का सम्मान करते हुए कहा कि "बूथ जीता, चुनाव जीता" संगठन की सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

सम्मेलन का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं बूथ सम्मेलन जिला संयोजक सौरभ सिंह गौर ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुदित बाजपेयी, मुकेश गुप्ता, दिनेश पाल, जिला मंत्री नीतू चंद्रा, जिला सह-कोषाध्यक्ष गांगेश पाठक, कपिल मोहन गुप्ता, जिला सह कार्यालय मंत्री आशुतोष वाजपेयी, जिला आईटी संयोजक प्रद्युम्न आनंद मिश्रा, सह मीडिया प्रभारी आयुष सिंह, ऋतुराज त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Also Read- UP Women Commission: महिला आयोग उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने किया विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow