Sambhal: 2027 फतह के मिशन पर BSP, सम्भल में मंडल स्तरीय बैठक में संगठन मजबूत करने का मंत्र
बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सम्भल में
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सम्भल में मुरादाबाद मंडल के चार जिलों सम्भल, मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा के पदाधिकारियों की अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पहुंचे बसपा के वरिष्ठ नेता मुनकाद अली ने बताया कि बहन कुमारी मायावती के निर्देश पर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का अभियान तेजी से चल रहा है और अब तक करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। बैठक में इस कार्य की समीक्षा के साथ आगे की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की गई।
मुनकाद अली ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और सर्वसमाज को बसपा से जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में हर सीट पर बसपा को मजबूत करने और अधिक से अधिक विधायक जिताने के लिए जुट जाने का आह्वान किया। कांवड़ यात्रा के दौरान बाजार और सड़कों पर लगाए जा रहे प्रतिबंधों के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक कार्यक्रम या त्योहार के दौरान सरकार जो व्यवस्था उचित समझे, वह करे। इस विषय पर उन्होंने कोई राजनीतिक टिप्पणी करने से परहेज किया। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े सवाल पर मुनकाद अली ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कार्रवाई रुकने का स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शिक्षा से जुड़ी संस्थाओं में यदि कोई कमी भी हो तो ऐसी कार्रवाई न हो जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ कमेटियों को अंतिम रूप देने और 2027 के चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया।
What's Your Reaction?