क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के प्रथम हरदोई आगमन की तैयारियां तेज, भाजपा ने बनाई भव्य स्वागत की रणनीति
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के रविवार को प्रथम हरदोई आगमन को लेकर संगठनात्मक तैयारियां
हरदोई। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के रविवार को प्रथम हरदोई आगमन को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा और संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष का प्रथम जनपद आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि जनपद की सीमा से लेकर जिला मुख्यालय तक विभिन्न स्थानों पर भव्य एवं अनुशासित स्वागत की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि स्वागत कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ तैयारियों में जुटें तथा अधिक से अधिक लोगों से जनसंपर्क कर कार्यक्रम को सफल बनाएं। बैठक में स्वागत स्थलों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी एवं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?




