हरदोई: उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन आज मंगलवार को किया जा रहा है।
यह प्रकाशन जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसील) कार्यालयों, तथा सभी मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर संबंधित पदाभिहित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किया जाएगा।
जनसामान्य इन स्थलों पर जाकर आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं।जनता को सूचित किया गया है कि दावे एवं आपत्तियां 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 27 फरवरी 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, जनपद में पूर्व पंजीकृत कुछ मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाने के कारण उन्हें 6 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस जारी किए जाएंगे।
इन नोटिसों का निस्तारण आयोग द्वारा निर्धारित 13 प्रपत्रों में से किसी एक के माध्यम से किया जाएगा।आयोग ने चार अर्हता तिथियां निर्धारित की हैं। इसलिए इस अवधि में 1 जनवरी 2026 के अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2026 को अर्ह होने वाले मतदाता भी अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर BLO या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को जमा कर सकते हैं। नाम में संशोधन, वोटर आईडी कार्ड प्रतिस्थापन, दिव्यांग चिन्हांकन या पता परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 एवं घोषणा पत्र जमा किया जा सकता है।मतदाता पंजीकरण या संशोधन के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग का ECINET मोबाइल ऐप या वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 घोषणा पत्र सहित सबमिट किए जा सकते हैं।