हरदोई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 06 जनवरी 2026 (मंगलवार) को किया गया है।यह प्रकाशन जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसील) कार्यालय, तथा सभी मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर संबंधित पदाभिहित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किया गया है।
आलेख्य मतदाता सूची जनसामान्य के अवलोकन के लिए इन सभी स्थलों पर उपलब्ध रहेगी।जनता को सूचित किया गया है कि वे अपने नाम एवं विवरण की जांच कर लें। दावे एवं आपत्तियां 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।इसके अलावा, पूर्व पंजीकृत मतदाताओं में से जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है, उन्हें 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस जारी कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित 13 प्रपत्रों में से किसी एक के माध्यम से निस्तारण किया जाएगा।आयोग द्वारा चार अर्हता तिथियां (01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2026) निर्धारित की गई हैं।
इस अवधि में भविष्य की अर्हता तिथियों पर पात्र होने वाले मतदाता फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल करा सकते हैं। संशोधन, निवास परिवर्तन, दिव्यांग चिन्हांकन या वोटर कार्ड प्रतिस्थापन के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है।मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन ऑनलाइन भी किया जा सकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग करें। फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 घोषणा पत्र सहित ऑनलाइन सबमिट किए जा सकते हैं।मतदाताओं से अपील है कि वे शीघ्र अपनी मतदाता सूची की जांच करें और आवश्यक सुधार कराएं ताकि उनका वोटिंग अधिकार सुरक्षित रहे।