Punjabi Community News: नोएडा में जुटे पंजाबी समाज के प्रतिनिधि, एकजुटता और सामाजिक मुद्दों पर हुई चर्चा
नोएडा में पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों की अहम बैठक हुई। फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ समाज की मजबूती और समस्याओं पर मंथन किया गया।
पंजाबी समाज के सशक्तीकरण, सामाजिक एकजुटता और वर्तमान समय में आ रही चुनौतियों को लेकर नोएडा में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान देवबंद से पहुंचे पंजाबी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विरेंद्र मेहता और राष्ट्रीय महासचिव सुनील मेहता से मुलाकात की और समाज के विकास व कल्याण से जुड़े बिंदुओं पर अपने विचार साझा किए।
देवबंद से पंजाबी समाज के संरक्षक सेठ कुलदीप कुमार और अध्यक्ष सतीश गिरधर की अगुवाई में पहुंचे दल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वार्ता के दौरान सतीश गिरधर ने कहा कि व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों में पंजाबी समुदाय का योगदान काफी महत्वपूर्ण है, किंतु राजनीतिक परिदृश्य में समाज की अपेक्षित भागीदारी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने समाज को संगठित कर अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विरेंद्र मेहता ने कहा कि संगठन का मुख्य ध्येय पूरे देश में पंजाबी समाज को एक मंच पर लाना है, ताकि समाज की समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जा सके। उन्होंने सामाजिक एकजुटता को हर दिशा में प्रगति की पहली शर्त बताया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा, पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी, सांसद महेश शर्मा और विधायक राजीव गुंबर समेत कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही श्याम लाल भारती, गुरजोत सिंह सेठी, संजय सलूजा और मोहित मल्होत्रा सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
Also Click : Hardoi: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार
What's Your Reaction?



