सहारनपुर में बच्चों की कहासुनी में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों के हमले में महिला की मौत, 8 पर केस

सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र के नयागांव में बच्चों के विवाद पर दो पक्षों में मारपीट हुई। सिर में चोट लगने से महिला की मौत, पुलिस ने 8 लोगों पर केस दर्ज किया।

By INA News Desk
Sep 13, 2026 - 14:34
13 Views
सहारनपुर में बच्चों की कहासुनी में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों के हमले में महिला की मौत, 8 पर केस

सहारनपुर। बड़गांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नयागांव में बच्चों के आपसी विवाद ने भीषण खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद हुए हिंसक हमले में लाठी-डंडों और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई लोग बुरी तरह लहूलुहान हो गए। सिर में गहरी चोट लगने के कारण 50 वर्षीय अनिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मृत्यु से गांव में गहरा तनाव फैल गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

घटनाक्रम के अनुसार गांव निवासी अंकुर और सचिन के बीच बच्चों के किसी मसले को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। उस समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। आरोप है कि कुछ समय बाद संदीप और सचिन अपने अन्य परिजनों को साथ लेकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से लैस होकर अंकुर के घर पर धावा बोल दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने परिजनों पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए, जिससे अंकुर की मां अनिता और ताऊ रमेश सहित कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में अनिता को नगर के निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात की सूचना पर पुलिस दल तत्काल गांव पहुंचा और घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बड़गांव थाने का घेराव कर नामजद अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। पुलिस ने पीड़िता के पति की लिखित शिकायत के आधार पर राजबीर, उसकी पत्नी मुन्नी और बेटों संदीप, सचिन, अंकित, आशु, विकास व विशाल समेत कुल आठ लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। थानाध्यक्ष नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि बच्चों की कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट में महिला के सिर में प्राणघातक चोट आई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और नामजद अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow