सहारनपुर में पीएनबी करेंसी चेस्ट से लाखों के गबन का आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद

सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक करेंसी चेस्ट से नकदी गायब करने के मामले में पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार किया। कब्जे से चुराई गई नकदी बरामद हुई।

By INA News Desk
Sep 13, 2026 - 14:36
4 Views
सहारनपुर में पीएनबी करेंसी चेस्ट से लाखों के गबन का आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद

सहारनपुर। सिविल लाइंस स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य करेंसी चेस्ट से लाखों रुपये की नकदी गायब किए जाने के मामले में थाना सदर बाजार पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से गबन की गई रकम में से बीस हजार दो सौ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर अभियोग में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए विधिक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।

बैंक के मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि करेंसी चेस्ट के सुरक्षित कक्ष में रखे नोटों के पैकेट से चार लाख तैंतीस हजार नौ सौ रुपये की राशि निकाल ली गई। इस शिकायत पर बैंक में अंशकालिक सफाई कर्मी के रूप में तैनात विशाल कुमार व अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन धरपकड़ अभियान के दौरान सदर बाजार पुलिस को सूचना मिली कि प्रकरण में नामजद आरोपी शहर से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित घेराबंदी करते हुए पुलिस दल ने छोटी रेलवे लाइन के पास रेलवे राशन डिपो क्षेत्र से गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बालेली निवासी विशाल पुत्र ब्रह्मपाल को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई राशि में से 20,200 रुपये बरामद हुए। बरामदगी के पश्चात मुकदमे में धारा 317(2) की वृद्धि की गई है। आवश्यक विधिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद आरोपी को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह, उपनिरीक्षक विपिन कुमार और उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सहित पुलिस बल शामिल रहा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow