हरदोई में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, तीन दिन बाद भी कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार परेशान

हरदोई के बेनीगंज में युवक को खंभे से बांधकर पीटने और महिलाओं से अभद्रता का मामला आया सामने। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

By INA News Desk
Sep 8, 2026 - 22:55
3 Views
हरदोई में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, तीन दिन बाद भी कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार परेशान

हरदोई। जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फत्तेपुर मजरा बसेन गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गांव के कुछ दबंगों पर एक युवक को खंभे से बांधकर लाठी-डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। इस दौरान बीच-बचाव करने आई पीड़िता और उसकी सास के साथ भी मारपीट की गई। वारदात के तीन दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम न उठाए जाने के कारण पीड़ित परिवार न्याय पाने के लिए परेशान है।

मामले की जानकारी देते हुए फत्तेपुर मजरा बसेन निवासी पीड़िता गुड़िया ने बताया कि गांव के ही रहने वाले अखिलेश और गयाराम ने दबंगई दिखाते हुए उसके पति रामासरे को जबरन अपने मकान के बरामदे के खंभे से बांध दिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उनके शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के समय जब पीड़िता और उसकी सास रामप्यारी बचाव के लिए पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और परिवार को जान-माल की धमकी देते हुए आए दिन गाली-गलौज करते हैं।

घटना के संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई है। शिकायत के बाद भी कोई कदम न उठाए जाने से पीड़ित परिवार डरा हुआ है और अधिकारियों से त्वरित न्याय की मांग कर रहा है। मामले को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जानकारी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Click : Hardoi News: राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारी तेज, अधिकारियों को अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के निर्देश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow