सहारनपुर सीएमओ डॉक्टर प्रवीण कुमार का तबादला, शिकायतों के बाद डॉक्टर शेर सिंह बने नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी
सहारनपुर में शिकायतों और विवादों के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रवीण कुमार का तबादला कर दिया गया है। डॉक्टर शेर सिंह को नया सीएमओ बनाया गया है।
लगातार मिल रही शिकायतों और अस्पतालों में अव्यवस्थाओं के बीच शासन की बड़ी कार्रवाई, डॉक्टर शेर सिंह को सौंपी गई जिले की कमान
सहारनपुर। स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों और लगातार मिल रही शिकायतों के बीच शासन स्तर पर बड़ी कार्रवाई की गई है। सहारनपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रवीण कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर अब डॉक्टर शेर सिंह को जिले का नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है। पिछले कुछ महीनों से जिले की सरकारी और निजी चिकित्सा सेवाओं को लेकर लगातार असंतोष की स्थिति बनी हुई थी।
मेडिकल कॉलेज में हंगामे और अवैध क्लीनिकों की शिकायतें
पिलखनी स्थित शेख-उल-हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में इलाज में लापरवाही और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के आरोपों को लेकर पिछले दो-तीन महीनों में कई बार स्थिति तनावपूर्ण हुई। अस्पताल परिसर में सुविधाओं की कमी और कथित प्रताड़ना से तंग आकर स्टाफ सदस्य और मरीज के परिजनों द्वारा विरोध दर्ज कराने के मामले सामने आए। इसके साथ ही नकुड़, गंगोह, नागल और शहरी क्षेत्रों में बिना मानकों के संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों, बिना पंजीकरण चल रहे फर्जी क्लीनिकों और अयोग्य लोगों द्वारा इलाज किए जाने की शिकायतें प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी जा रही थीं, जिन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
किसानों के धरने और शासन तक मामला पहुंचने पर हुई कार्रवाई
हाल ही में एक निजी अस्पताल में किसान के भाई के इलाज में हुई लापरवाही को लेकर हंगामा बढ़ गया। पीड़ित पक्ष द्वारा लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो किसानों ने जिला अस्पताल परिसर में कड़े विरोध प्रदर्शन की शुरुआत कर दी। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों की अनदेखी पर तीखी नाराजगी जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक तक पहुंची, तो शासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हटाने का निर्णय लिया।
स्थानांतरण के बाद अब नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शेर सिंह के सामने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाने, अवैध रूप से चल रहे मेडिकल संस्थानों पर अंकुश लगाने और आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
What's Your Reaction?







