Saharanpur News: सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण: सपा के 23 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को रोका, कई नेता हाउस अरेस्ट
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। सपा सुप्रीमो
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर मंडलायुक्त से मुलाकात करने आ रहे समाजवादी पार्टी के 23 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन ने रोक दिया। सपा नेताओं के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में शामिल पार्टी के विधायक, पूर्व सांसद, जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं को देर रात से ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सपा के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल को आज दोपहर 12 बजे मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार से मुलाकात करनी थी। इसके लिए पार्टी की ओर से पूर्व में पत्र भी जारी किया गया था। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद प्रकरण को लेकर पार्टी का पक्ष मंडलायुक्त के सामने रखना था।
सपा नेताओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। नेताओं का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दल के पदाधिकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने से रोकना लोकतंत्र और संविधान की भावना के विपरीत है। सपा नेताओं ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई की वे कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से मंडलायुक्त से मिलने जा रहे प्रतिनिधिमंडल को रोककर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
ये नेता प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, सांसद हरेंद्र मलिक, सांसद इकरा हसन, राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर रहमान, विधायक आशु मलिक, विधायक उमर अली खान, विधायक अतुल प्रधान, विधायक रामऔतार सैनी, एमएलसी किरणपाल कश्यप, पूर्व विधायक माविया अली, सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल भारती, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मांगेराम कश्यप, पूर्व मंत्री विनोद तेजियान, राज्य कार्यकारिणी सदस्य फैसल सलमानी, सपा नेता शायान मसूद, पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष ओसामा गाड़ा और विधानसभा अध्यक्ष काशिफ अल्वी।
सपा नेताओं के हाउस अरेस्ट किए जाने की सूचना के बाद कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर सियासी हलचल और तेज हो गई है। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से उठाते रहेंगे।
What's Your Reaction?







