Saharanpur Encounter: देवबंद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोकशी का वांछित बदमाश गोली लगने से घायल, साथी फरार
सहारनपुर के देवबंद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोकशी का वांछित बदमाश खालिद पैर में गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार हुआ, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, उसका दूसरा साथी रात के अंधेरे और खेतों का लाभ उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले भर में अपराध की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान देवबंद थाना पुलिस टीम बड़गांव मार्ग पर स्थित लबकरी गांव के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का संकेत दिया, तो उन्होंने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी और तेजी से बड़गांव की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा किया। हड़बड़ाहट में बदमाशों ने झबीरन गांव की तरफ बाइक मोड़ दी, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पास के गन्ने के खेत में बने ट्यूबवेल और पेड़ों की ओट लेकर पुलिस टीम पर फिर से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने अपने बचाव में संतुलित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा।
घायल बदमाश की पहचान खालिद, निवासी बझेड़ी (थाना मंडी) और वर्तमान निवासी फौलादपुर (थाना देवबंद) के रूप में हुई है। वह देवबंद थाने में दर्ज गोवध अधिनियम से जुड़े मामले में वांछित चल रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार खालिद एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और गोकशी जैसे गंभीर मामलों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की टीमें फरार दूसरे बदमाश की तलाश में आसपास के जंगलों में कांबिंग कर रही हैं और पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही हैं।
What's Your Reaction?







