Saharanpur : निष्पक्ष चुनाव के लिए डीएम-एसएसपी ने कसी कमर, संवेदनशील केंद्रों पर रहेगी पैनी नजर; अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
सहारनपुर में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को निष्पक्ष और भयमुक्त कराने के लिए डीएम अरविन्द कुमार चौहान व एसएसपी अभिनन्दन ने सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया और संवेदनशील केंद्रों पर निगरानी के निर्देश दिए।
सहारनपुर: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस महकमे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के नेतृत्व में पाइनवुड स्कूल परिसर में सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस सेक्टर अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम और एसएसपी ने दो टूक संदेश दिया कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति मतदाता का निर्भीक होकर मतदान करना है। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि जिले का प्रत्येक पंजीकृत मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में संवेदनशील गांवों, मजरों और मतदान केंद्रों का गहनता से चिह्नांकन करें। मतदाताओं को प्रभावित करने या भय का वातावरण निर्मित करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध समय रहते प्रभावी निरोधात्मक एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
चुनावी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जनपद स्तर पर कुल 22 जोनल मजिस्ट्रेट, 234 सेक्टर अधिकारी तथा 234 पुलिस सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?

