Saharanpur News: गन्ना किसान पूछेंगे मुख्यमंत्री से गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹700 कुंतल कब घोषित होगा?, भगत सिंह वर्मा
निकटवर्ती ग्राम चंदरौली में किसानों की एक बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश
सहारनपुर। निकटवर्ती ग्राम चंदरौली में किसानों की एक बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार किसान विरोधी है और गन्ना किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है।
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार की गलत नीति के कारण गन्ने की खेती घाटे का सौदा हो गई है। गन्ने से गन्ना किसानों की लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है, जिसके कारण प्रदेश के गन्ना किसान कर्जदार होकर आत्महत्या करने को मजबूर हैं।

गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹700 कुंतल घोषित हो
राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गन्ना उत्पादन लागत को देखते हुए भाजपा की योगी सरकार गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹700 कुंतल तत्काल घोषित करे और चीनी मिलों से 14 दिन के अंदर गन्ना भुगतान कराने की व्यवस्था करे।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर लगा ब्याज उत्तर प्रदेश की 122 चीनी मिलों से 19 हजार करोड़ रुपए तत्काल प्रदेश के गन्ना किसानों को दिलाया जाए। माननीय हाई कोर्ट प्रयागराज और माननीय सुप्रीम कोर्ट नई दिल्ली ने प्रदेश के गन्ना किसानों को चीनी मिलों से ब्याज दिलाने के आदेश किए हुए हैं।
शुगर कंट्रोल ऑर्डर का हवाला
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि शुगर कंट्रोल ऑर्डर 1966 के अनुसार भारत सरकार का नियम है कि जो चीनी मिल 14 दिन के अंदर गन्ना भुगतान नहीं करती हैं, उन्हें 15% वार्षिक दर से गन्ना किसानों को ब्याज का भुगतान करना चाहिए। लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार चीनी मिल मालिकों से साठगांठ करके नाजायज लाभ उठाकर गन्ना किसानों को चीनी मिलों से ब्याज का भुगतान नहीं करा रही हैं। जिसके लिए जल्द ही गन्ना किसान बड़ा आंदोलन करेंगे।
1 दिसंबर को मुख्यमंत्री से पूछेंगे सवाल
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गन्ना किसान 1 दिसंबर को मुख्यमंत्री के सहारनपुर आगमन पर उनसे पूछेंगे कि गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹700 कुंतल कब घोषित होगा और चीनी मिलों से ब्याज और गन्ना भुगतान कब मिलेगा।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को चीनी मिलों से समय से गन्ना मूल्य भुगतान न होने और देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर ब्याज का भुगतान न मिलने से प्रदेश के गन्ना किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। गन्ने की खेती घाटे का कार्य होने के कारण गन्ने से किसानों का मोह भंग होता जा रहा है, जिससे प्रदेश सरकार को भी आने वाले वर्षों में भारी राजस्व का घाटा होगा।
पंजाब की तरह ₹100 कुंतल सीधे खाते में डालें
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गन्ना उत्तर प्रदेश और देश की आर्थिक रीढ़ है। गन्ने से प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को एक्साइज ड्यूटी के रूप में भारी राजस्व प्राप्त होता है, जिसमें से सरकार को ₹100 कुंतल पंजाब सरकार की तरह उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के खातों में सीधा डालना चाहिए, जिससे गन्ना किसान अपने बच्चों की फीस भर सके और अपने खर्च चला सके।
घटतौली पर जताया रोष
भगत सिंह वर्मा ने चीनी मिलों के कांटों में हो रही भारी घटतौली पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि यदि जल्द ही चीनी मिलों में घटतौली को नहीं रोका गया तो गन्ना किसान चीनी मिल मालिक, प्रबंधन तंत्र और गन्ना विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवाने का कार्य करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने की और संचालन प्रदेश प्रवक्ता रोहित गौतम ने किया।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मुर्तजा सलमानी, राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अशोक मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित नीरज कपिल, प्रदेश सचिव मास्टर रईस अहमद, प्रदेश सचिव डॉ. परविंदर मलिक, मंडल उपाध्यक्ष कृपाल सिंह चौधरी, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद मुकर्रम अली प्रधान, जिला मंत्री अब्दुल सलाम, छात्र नेता सरफराज अली, राशिद, हाजी साजिद, हाजी सुलेमान, मोहम्मद तबरेज, मोहम्मद कलीम, मोहम्मद यासीन त्यागी, दिलशाद आदि ने भाग लिया।
What's Your Reaction?

