दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर संभल में सपा का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में संभल में समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सम्भल के पक्का बाग अम्बेडकर पार्क में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फिरोज खान ने किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। इस मौके पर फिरोज खान ने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर किया गया लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और युवाओं के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए दमनकारी रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी सरकार की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विपक्ष को कमजोर करना और जनता की आवाज को दबाना है।
फिरोज खान ने कहा कि संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर संविधान की मूल भावना को समाप्त करना चाहती है। सपा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और विपक्ष की आवाज को दबाने का सिलसिला नहीं रुका तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष तेज करेगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन सरकार के खिलाफ सपा नेताओं का आक्रोश साफ दिखाई दिया।
What's Your Reaction?




