सम्भल ने राजस्व कार्यों में यूपी में हासिल की 5वीं रैंक, टॉप-5 में जगह बरकरार रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश

राजस्व कार्यों में सम्भल को यूपी में 5वीं रैंक मिली है। कलेक्ट्रेट में सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में एडीएम सत्यप्रिय सिंह ने लंबित मामलों पर सख्त निर्देश दिए।

By INA News Desk
Oct 27, 2026 - 20:24
35 Views
सम्भल ने राजस्व कार्यों में यूपी में हासिल की 5वीं रैंक, टॉप-5 में जगह बरकरार रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
Advertisement
Advertisement

Report : उवैस दानिश, सम्भल

  • सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में लंबित मामलों पर सख्ती, न्यायालयीय आदेशों के अनुपालन से लेकर जनगणना-2027 की तैयारियों तक पर हुई चर्चा

राजस्व कार्यों में जनपद सम्भल ने प्रदेश स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल की है। सितंबर माह की रैंकिंग में मिली इस उपलब्धि के बाद प्रशासन ने अपनी स्थिति बरकरार रखने और रैंकिंग में और सुधार करने की कवायद तेज कर दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति परखते हुए लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में हुई बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों, कर-करेत्तर राजस्व वसूली, न्यायालयों में लंबित वादों और रिट याचिकाओं के साथ ही जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा की गई। एडीएम ने राजस्व कार्यों में प्रदेश में पांचवीं रैंक मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रदेश के टॉप-5 जनपदों में स्थान बनाए रखने के लिए सभी विभागों को लगातार बेहतर प्रदर्शन करना होगा। बैठक में आबकारी विभाग को निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बाट-माप विभाग और कृषक दुर्घटना सहायता योजना के लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने तथा गन्ना पर्ची वितरण में अनावश्यक देरी रोकने पर जोर दिया गया। इसके अलावा अमृत-2 योजना, पीएम स्वनिधि, ई-खसरा और स्वामित्व योजना की भी समीक्षा हुई।

न्यायालयीय मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

अधिकारियों को न्यायालयों में लंबित वादों और रिट याचिकाओं में प्रभावी पैरवी करने तथा पारित आदेशों का समय से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयोग में लंबित संदर्भों, क्रॉप कटिंग की प्रगति और विवेकाधीन कोष से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। चन्दौसी और गुन्नौर तहसील के अधिकारियों को क्रॉप कटिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जनगणना-2027 की तैयारियों के साथ जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो की स्थिति पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। इस दौरान एसडीएम सम्भल विकास चन्द्र, एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार, न्यायिक एसडीएम अभिमन्यु कुमार और नीरज कुमार द्विवेदी सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement