बलिया में 2 उप निरीक्षकों को मिला प्रमोशन- एसपी डॉ. ईरज राजा ने लगाए स्टार, मुख्य आरक्षी को उत्कृष्ट सेवा पदक
बलिया में एसपी डॉ. ईरज राजा ने उप निरीक्षक राजकेशर सिंह और शिवचन्द यादव को निरीक्षक बनने पर स्टार लगाए। मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार को डीजीपी सेवा पदक मिला।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
बलिया। जनपद बलिया में कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन और मनोबल वृद्धि के क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदोन्नति एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस मुख्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के अनुक्रम में जनपद में तैनात दो उप निरीक्षकों को निरीक्षक (इंस्पेक्टर) के पद पर पदोन्नत किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा एवं अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने संयुक्त रूप से दोनों पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें अग्रिम कार्यभार हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उप निरीक्षक राजकेशर सिंह और शिवचन्द यादव बने निरीक्षक मुख्यालय स्तर से योग्यता और सेवाकाल के आधार पर जारी की गई पदोन्नति सूची के तहत बलिया पुलिस में कार्यरत उप निरीक्षक राजकेशर सिंह और उप निरीक्षक शिवचन्द यादव को निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर प्रोन्नत किया गया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ अधिकारियों की जवाबदेही और जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं, अतः जनसेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में वे इसी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करते रहें।

मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार को डीजीपी उत्कृष्ट सेवा पदक से किया गया सम्मानित इसी क्रम में पुलिस कार्यालय स्थित बड़ी पेशी में नियुक्त मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) प्रदीप कुमार को उनकी उत्कृष्ट, निष्कलंक एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त 'उत्कृष्ट सेवा पदक' प्रदान कर विधिवत अलंकृत किया गया। एसपी ने मेडल लगाकर मुख्य आरक्षी के कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

समारोह के दौरान पुलिस कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, पेशी स्टाफ और अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने पदोन्नत और पदक प्राप्त करने वाले सहकर्मियों को बधाई दी।
What's Your Reaction?

