101 करोड़ की ग्राम समाज की जमीन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, मुरादाबाद रोड पर निर्माण सील, कब्जा ग्राम पंचायत को सौंपा
सम्भल के तख्त बसाई गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन को मुक्त कराया है। अवैध तरीके से बने निर्माण सील किए गए।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
मुरादाबाद रोड स्थित तख्त बसाई ग्राम में करोड़ों रुपये मूल्य की ग्राम समाज की भूमि पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे वाले निर्माणों को सील कर दिया। तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए जमीन का कब्जा ग्राम पंचायत को सौंप दिया।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार ने बताया कि तख्त बसाई की करीब 101 करोड़ रुपये मूल्य की ग्राम सभा की संपत्ति को पूर्व में कथित रूप से अवैध तरीके से निजी लोगों के नाम दर्ज करा लिया गया था। बाद में उप संचालक चकबंदी (डीडीसी) ने पूरे प्रकरण की सुनवाई के बाद अपने आदेश से उन प्रविष्टियों को निरस्त कर भूमि को पुनः ग्राम सभा के नाम दर्ज कर दिया।
इस आदेश के खिलाफ संबंधित पक्षों को उच्च न्यायालय से भी कोई राहत नहीं मिली। तहसीलदार के अनुसार ग्राम प्रधान ने शिकायत दी थी कि आदेश के बावजूद भूमि पर अवैध कब्जा बना हुआ है। इसी शिकायत के आधार पर राजस्व और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जिन गाटों पर निर्माण किया गया था, उन्हें सील कर दिया गया, जबकि खाली पड़ी भूमि का कब्जा ग्राम प्रधान को दिलाकर ग्राम सभा के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि ग्राम समाज की संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकारी भूमि को मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और इसे सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
What's Your Reaction?




