बलिया में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन: राम मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पढ़ा हनुमान चालीसा
बलिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे में गड़बड़ी के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर बलिया में कांग्रेस का प्रदर्शन, बालेश्वर नाथ मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ दर्ज कराया विरोध
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलिया ने राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे में कथित तौर पर हुई हेराफेरी के विरोध में एक बड़ा प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बलिया शहर के विभिन्न मुख्य रास्तों पर नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला और इस मामले के दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर दुनिया भर के करोड़ों लोगों की आस्था का मुख्य केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर की व्यवस्था में शामिल लोग शीर्ष नेतृत्व की सहमति से नियुक्त किए गए थे, इसलिए मंदिर के चढ़ावे और चंदे में जो भी विसंगतियां सामने आई हैं, उसकी जिम्मेदारी से सरकार बच नहीं सकती। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच हो और जितने भी लोग इसमें शामिल हैं, चाहे वे कितने भी बड़े पदों पर क्यों न बैठे हों, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
पूर्व विधायक सुधीर राय ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि मंदिर के पवित्र चढ़ावे में हुई गड़बड़ी के आरोपियों पर कार्रवाई न करके लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। इस प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यालय पर पार्टी की एक मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक समाप्त होने के बाद सभी कार्यकर्ता एकत्र होकर हाथ में तख्तियां लिए कांग्रेस कार्यालय से रवाना हुए। यह मार्च चित्तू पाण्डेय चौराहा, स्टेशन रोड, चौक, गुदरी बाजार, लोहा पट्टी और सिनेमा रोड होते हुए प्रसिद्ध बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर पहुंचा। वहां पहुंचकर सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और अपने इस शांतिपूर्ण आंदोलन का समापन किया।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ओमप्रकाश तिवारी, जैनेंद्र पाण्डेय मिंटू, पुनीत पाठक, संतोष चौबे, सत्य प्रकाश, मुन्ना उपाध्याय, अनुपमा, अबुल फैज सिंह, उषा सिंह, रेखा तिवारी, नेहा देवी, पूनम देवी, बेबी यादव, साहब अहमद, सागर सिंह, राहुल, अवनीश चंद्र पाण्डेय, महाप्रसाद चौबे, गिरीश कांत गांधी और विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?




