Sambhal News: सम्भल में 2027 को लेकर BJP का बड़ा दावा, क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले- चारों सीटों पर जीत हमारा लक्ष्य
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के सम्भल में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के सम्भल में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति और सम्भल की चारों विधानसभा सीटों पर जीत के लक्ष्य को लेकर बड़ा बयान दिया।
नवाब सिंह नागर ने कहा कि सम्भल में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर साफ है कि संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपलब्धियों को कार्यकर्ता गांव-गांव और जनता तक पहुंचाएंगे। सम्भल को सपा का मजबूत गढ़ बताए जाने पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच रखेंगे। उन्होंने विपक्ष पर जातियों में बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सभी वर्गों को जोड़कर एकजुट करने का काम कर रही है। 2027 में सम्भल की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत के सवाल पर नवाब सिंह नागर ने साफ कहा कि पार्टी का लक्ष्य अधिक से अधिक सीटें जीतना है और सम्भल की चारों सीटों पर जीत हासिल करने का टारगेट लेकर संगठन आगे बढ़ रहा है। वहीं टिकट वितरण में पैराशूट उम्मीदवारों के सवाल पर उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं के प्रति जनता का सम्मान और अच्छा भाव है, उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सम्भल के भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मजबूती से संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन और नेतृत्व की ताकत के साथ भाजपा का मुकाबला करना विपक्ष के लिए आसान नहीं होगा।
What's Your Reaction?







