UP Politics News: मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस का तीखा पलटवार, संभल जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की बोले— जातियों पर नहीं, विकास पर हो बात
Sambhal Congress News: संभल में मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने पलटवार किया है। उन्होंने सरकार को रोजगार और विकास पर ध्यान देने को कहा।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्भल दौरे के दौरान दिए गए "तुर्क की तुरकई नहीं चलेगी" वाले बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के सम्भल जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने मुख्यमंत्री के बयान को प्रदेश के मुखिया के पद की गरिमा के खिलाफ बताया।
आरिफ तुर्की ने कहा कि किसी भी जाति या बिरादरी को निशाना बनाना उचित नहीं है। उनका कहना था कि गलती किसी व्यक्ति विशेष की हो सकती है, लेकिन पूरी बिरादरी को कटघरे में खड़ा करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे देश के सबसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को समाज को बांटने वाले बयान देने के बजाय प्रदेश के विकास, रोजगार और युवाओं के मुद्दों पर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक, भ्रष्टाचार और युवाओं की बेरोजगारी जैसे गंभीर सवालों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। आरिफ तुर्की ने कहा कि जनता अब विकास और जवाबदेही चाहती है, इसलिए सरकार को सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए मूल मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस की इस प्रतिक्रिया के बाद मुख्यमंत्री के बयान को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।
What's Your Reaction?




