सम्भल से दिल्ली कूच करेंगे कांग्रेसी! 300 से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा, आरिफ तुर्की बोले- ज्ञानेश कुमार ही नहीं, अमित शाह और पीएम मोदी का भी इस्तीफा होगा
दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली के लिए सम्भल से कांग्रेसियों का बड़ा काफिला रवाना होगा। जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली को लेकर सम्भल में भी सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। महारैली में शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। जिलाध्यक्ष मोहम्मद आरिफ तुर्की ने दावा किया है कि सम्भल से 300 से अधिक लोग दिल्ली पहुंचेंगे। इसके लिए चार बसों के साथ पांचवीं बस की तैयारी की जा रही है। वहीं 32 से 35 छोटी गाड़ियों के जरिए भी कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे।
आरिफ तुर्की ने बताया कि कार्यकर्ताओं में दिल्ली जाने को लेकर खासा उत्साह है। 1 नवंबर की सुबह 7 बजे सम्भल से काफिला रवाना होगा और सुबह 10 बजे तक रामलीला मैदान पहुंचने का लक्ष्य है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर विपक्षी मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस ने आवाज बुलंद की है और जनता इसका जवाब देने के लिए दिल्ली पहुंच रही है। सबसे बड़ा सियासी बयान देते हुए आरिफ तुर्की ने कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही नहीं, बल्कि अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा भी होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर और चुनाव में कथित अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए। अब देखना दिलचस्प होगा कि सम्भल से दिल्ली पहुंचने वाला कांग्रेसियों का यह काफिला रामलीला मैदान में पार्टी की ताकत दिखाने में कितना कामयाब होता है।
What's Your Reaction?

