पुलिस ने रोका तो और भड़की कांग्रेस, एफआईआर से नहीं डरेंगे कांग्रेस के बब्बर शेर, पुलिस पर लगाए रोकने-धमकाने के आरोप

सम्भल के चंदौसी में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन। पुलिस द्वारा रोके जाने पर भड़के कार्यकर्ता, जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने लगाए गंभीर आरोप।

By INA News Desk
Oct 8, 2026 - 21:41
6 Views
पुलिस ने रोका तो और भड़की कांग्रेस, एफआईआर से नहीं डरेंगे कांग्रेस के बब्बर शेर, पुलिस पर लगाए रोकने-धमकाने के आरोप

Report : उवैस दानिश, सम्भल

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन चंदौसी में उस वक्त गरमा गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल खड़े किए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन को रोकने की कोशिश की, कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।

आरिफ तुर्की ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर यह विरोध प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वोटों में कथित गड़बड़ी और फर्जी वोट जोड़ने-काटने के जरिए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने बिहार, बंगाल, हरियाणा, महाराष्ट्र और 2024 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र करते हुए गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता और पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती।

वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर आरिफ तुर्की ने कहा कि कांग्रेस न एफआईआर से डरने वाली है और न ही दबाव में पीछे हटेगी। उन्होंने राहुल गांधी को संविधान, युवाओं, किसानों और महिलाओं की आवाज बताते हुए संघर्ष जारी रखने का दावा किया। चुनाव आयोग के समर्थन में 42 पूर्व जजों के खुले पत्र पर भी उन्होंने सवाल उठाए। आरिफ तुर्की ने कहा कि अगर सवाल चुनाव आयोग से है तो जवाब भी चुनाव आयोग को देना चाहिए, सरकार या भाजपा को नहीं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए “खतरे की घंटी” बताया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow