Sambhal News: दवा के दाम पर खुलेगी पारदर्शिता की ‘डिजिटल पर्ची’, वेबसाइट पर दिखेगा खरीद और बिक्री मूल्य
केमिस्ट एसोसिएशन ने संभल के सभी मेडिकल संचालकों की वेबसाइट दिसंबर के पहले सप्ताह तक बनाने का लिया निर्णय, दूसरे व्यापारियों पर भी लागू हो नियम- अजय कुमार शर्मा
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: दवा कारोबार में मुनाफाखोरी को लेकर फैल रहे भ्रम और मेडिकल संचालकों पर लग रहे आरोपों के बीच अब दवा की खरीद और बिक्री कीमत सार्वजनिक करने की तैयारी है। शासन के निर्देश के तहत मेडिकल संचालकों को अपनी वेबसाइट बनाकर दवाओं का क्रय मूल्य और विक्रय मूल्य प्रदर्शित करना होगा। इस निर्णय को लेकर संभल केमिस्ट एसोसिएशन ने बैठक कर जनपद के सभी फुटकर मेडिकल संचालकों की वेबसाइट जल्द बनवाने का फैसला लिया है।
केमिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक अजय कुमार शर्मा ने कहा कि समाज में यह भ्रांति फैल रही है कि मेडिकल संचालक 10 रुपये की दवा 100 या 200 रुपये में बेचकर भारी मुनाफा कमाते हैं, जबकि वास्तविकता ऐसी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम दवा कारोबार में पारदर्शिता लाने और मेडिकल संचालकों की ईमानदारी समाज के सामने रखने का प्रयास है। अजय कुमार शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि दिसंबर के पहले सप्ताह तक संभल के सभी फुटकर मेडिकल संचालकों की वेबसाइट तैयार कराई जाएगी, जिस पर संबंधित दवाओं का खरीद मूल्य और बिक्री मूल्य अंकित रहेगा। ग्राहक वेबसाइट पर जाकर दवाओं की कीमतों की जानकारी ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन अस्पतालों में जाकर मेडिकल संचालकों से संपर्क करेगी और वेबसाइट बनाने में सहयोग करेगी। उनका प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में संभल इस व्यवस्था को सबसे पहले लागू करने वाले जिलों में शामिल हो। अजय कुमार शर्मा ने सरकार से मांग की कि पारदर्शिता का नियम केवल मेडिकल कारोबार तक सीमित न रहे, बल्कि कपड़ा, जूता, मशीनरी समेत सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल मेडिकल संचालकों को बेईमानी के नजरिए से देखना उचित नहीं है और केमिस्ट समाज हमेशा ईमानदारी से कारोबार करता आया है।
What's Your Reaction?

