सम्भल पहुंचे पूर्व मंत्री अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू का बड़ा बयान, बोले- 2027 में होगा परिवर्तन, आज़म खान के साथ हो रहा अन्याय
सम्भल पहुंचे पूर्व मंत्री अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू ने 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा किया, साथ ही आजम खान और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
- इंडिया गठबंधन की दिल्ली रैली में सपा की भागीदारी का किया ऐलान, SIR और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री और पीलीभीत के पूर्व विधायक अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू ने सम्भल पहुंचकर 2027 के विधानसभा चुनाव, इंडिया गठबंधन की एकजुटता, एसआईआर और आज़म खान के मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी। शनिवार रात करीब 10 बजे वह थाना सम्भल क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय में समाजवादी कार्यकर्ता साजिद अली खान के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत की।
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली को लेकर फूल बाबू ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और धर्मेंद्र यादव समेत पार्टी के कई सांसद इसमें शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सपा के वोटर और समर्थक भी पूरी जिम्मेदारी के साथ रैली में भागीदारी करेंगे। एसआईआर और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में पहले प्रधानमंत्री, सीजेआई और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका होती थी, लेकिन अब व्यवस्था में बदलाव हुआ है। उनका आरोप है कि जब चुनाव आयुक्तों के चयन की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं होगी तो चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल उठेंगे। 2027 में परिवर्तन के सवाल पर फूल बाबू ने कहा कि परिवर्तन होगा, लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और दबाव भी बन रहा है। उन्होंने इसे किसी एक राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि सभी की लड़ाई बताते हुए लोगों से विरोध में अपनी भागीदारी निभाने की बात कही। वहीं, आज़म खान की रिहाई के बाद ईडी की हिरासत को लेकर उन्होंने कहा कि आज़म खान के साथ जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर मीडिया और सोशल मीडिया में भी चर्चाएं हैं। उनके मुताबिक लोकतंत्र में इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
What's Your Reaction?

