Sambhal News: गांधी जयंती पर सम्भल के नवाब महमूद अंसारी इंटर कॉलेज में गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश, छात्राओं ने लिया भाईचारे और स्वच्छता का संकल्प
गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर सम्भल के नवाब महमूद अंसारी इंटर कॉलेज में कार्यक्रम
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर सम्भल के नवाब महमूद अंसारी इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं ने उत्साह के साथ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के लिए उनके योगदान को याद किया। इस दौरान केक काटने के साथ छात्राओं ने पोस्टर बनाए और गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छात्रा वरीशा ने महात्मा गांधी के जीवन पर अपने विचार रखते हुए कहा कि गांधी जी का पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था और उनका जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्रा ने कहा कि गांधी जी का संदेश था कि किसी से नफरत नहीं करनी चाहिए और समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखना चाहिए। प्रधानाचार्य हुरमा नसीम ने कहा कि गांधी जी ने देश को सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश दिया, जिसे केवल किताबों तक सीमित न रखकर जीवन में उतारना जरूरी है। वहीं डायरेक्टर सईद अख्तर इसराइली ने बताया कि छात्राओं और स्टाफ ने देश की अखंडता, भाईचारे और स्वच्छता को लेकर शपथ ली। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोग आपस में मिल-जुलकर रहें और अपने शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दें। कार्यक्रम में गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों को याद करते हुए एकता, भाईचारे और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?