सड़क नहीं बनी तो सपा नेताओं की ‘नो एंट्री’! कब्रिस्तान जाने को भी तरस रहे ग्रामीण, विधायक पर फूटा गुस्सा
सम्भल के हसनपुर मंजब्ता में कीचड़ भरी सड़क से परेशान ग्रामीणों में भारी रोष। शव को कब्रिस्तान ले जाने में आई दिक्कत तो नेताओं के बहिष्कार का लिया फैसला।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के पवांसा ब्लॉक के हसनपुर मंजब्ता गांव में बदहाल रास्ते को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। बारिश की बूंदाबांदी के बाद सड़क पर जलभराव और कीचड़ से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता सिर्फ गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि भवानीपुर, हैवतपुर, जोगीपुर समेत कई गांवों और बिछोली स्थित यूनिवर्सिटी व मेडिकल कॉलेज क्षेत्र को जोड़ता है।
ग्रामीण शौकीन अहमद ने बताया कि उनके पिता का दो दिन पहले इंतकाल हुआ, लेकिन खराब रास्ते और जलभराव के चलते शव को कब्रिस्तान तक ले जाने में काफी परेशानी हुई। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार स्थानीय विधायक नवाब इकबाल महमूद से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
वहीं ग्रामीण इकराम तुर्की ने दावा किया कि सड़क निर्माण के लिए ग्रामीण कई बार सांसद और विधायक से गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने बताया कि करीब 1500 से 1600 मीटर का रास्ता बेहद खराब है और इसी रास्ते पर गांव का कब्रिस्तान भी है। पिछले करीब दस दिनों में तीन लोगों के इंतकाल के बाद ग्रामीणों ने खुद जेसीबी से मिट्टी डलवाकर रास्ते को चलने लायक बनाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो गांव में ‘विकास नहीं तो वोट नहीं’ का संदेश देते हुए समाजवादी नेताओं के खिलाफ ‘नो एंट्री’ बोर्ड लगाया जाएगा।
Also Click : एडवोकेट रीना एन सिंह पहुंचीं चुनाव आयोग, सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
What's Your Reaction?







