Sambhal : चंदौसी में ट्रांसफर लिस्ट को लेकर अनशन कर रहे शिक्षकों पर मंत्री गुलाब देवी के सख्त तेवर
गुलाब देवी ने बताया कि ऑफलाइन ट्रांसफर की व्यवस्था बीते वर्षों में भ्रष्टाचार और पक्षपात का माध्यम बन चुकी थी, इसलिए सरकार ने उसे समाप्त कर ऑनलाइन प्रक्रिया
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल के चंदौसी में ऑफलाइन ट्रांसफर लिस्ट जारी किए जाने की मांग को लेकर चल रहे शिक्षकों के अनशन पर माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अनशन में शामिल लोग वास्तविक शिक्षक नहीं हैं, बल्कि विपक्ष से जुड़े कुछ अराजक तत्व हैं जो माध्यमिक शिक्षा विभाग की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री ने साफ कहा कि विभाग पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी कर रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
गुलाब देवी ने बताया कि ऑफलाइन ट्रांसफर की व्यवस्था बीते वर्षों में भ्रष्टाचार और पक्षपात का माध्यम बन चुकी थी, इसलिए सरकार ने उसे समाप्त कर ऑनलाइन प्रक्रिया को अपनाया है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी स्थिति में ऑफलाइन ट्रांसफर लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। मंत्री ने दावा किया कि चंदौसी में अनशन कर रहे लोगों में से कुछ की पहचान की जा चुकी है जो शिक्षक न होकर राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित हैं। ऐसे सभी अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि शिक्षक समुदाय को अफवाहों से बचना चाहिए और विभागीय नियमों का पालन करना चाहिए। उनका कहना है कि सरकार शिक्षकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी योग्य शिक्षक के साथ अन्याय नहीं होगा। उधर, चंदौसी में कई दिनों से ऑफलाइन ट्रांसफर लिस्ट की मांग को लेकर बैठे शिक्षकों में मंत्री के इस बयान के बाद हलचल मच गई है। कई शिक्षक संगठनों ने मंत्री के बयान का विरोध करते हुए कहा है कि उनकी मांगें जायज हैं और सरकार को शिक्षकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से देखना चाहिए। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
What's Your Reaction?









