सम्भल में शिक्षकों को मिले 5 लाख तक के कैशलेस हेल्थ कार्ड, मंत्री गुलाब देवी ने बांटे कार्ड
सम्भल के एमजीएम पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री गुलाब देवी ने शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस हेल्थ कार्ड बांटे। जानिए पूरी खबर।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
एमजीएम पीजी कॉलेज सम्भल में उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण योजना के तहत जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा विश्वविद्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण और प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का भी प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों और उनके आश्रितों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए प्रति वर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है। उन्होंने इसे शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया। मंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों ने केवल वोट की राजनीति की, लेकिन शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों के स्वास्थ्य की चिंता नहीं की।
उन्होंने शिक्षकों से छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। दिल्ली में चल रहे छात्र प्रदर्शन के सवाल पर गुलाब देवी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन में अराजक तत्व और विपक्षी दल शामिल होकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने छात्रों के हित में उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम उठाए हैं।
साथ ही शिक्षकों से अपील की कि यदि कोई अराजक तत्व शिक्षण संस्थानों में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ।
प्राचार्य प्रो. डॉ. योगेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शिक्षकों से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लगभग 50 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
Also Click : Agra News: आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर म्यूजियम बनेगाः मुख्यमंत्री
What's Your Reaction?




